डीसी ललित सिवाच ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन अनिवार्य है, जिसके बिना 1 जनवरी से सार्वजनिक स्थलों पर किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। लोगों को कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज अवश्य लें। वैक्सीन लगवाने वालों को अब सार्वजनिक स्थानों पर आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। चालक ने वैक्सीन नहीं लगवाई तो उनके ऑटो जब्त किए जाएंगे। डीसी ने प्रदेश सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन कराने के लिए बुधवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली।
डीसी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज लगवानी जरूरी है। सब्जी मंडी, बार, रेस्तरां, अनाज मंडी, डिपार्टमेंटल स्टोर, लिक्वर एंड वाइन शॉप, मॉल, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, सिनेमा हॉल, हाट व मार्केट में आने-जाने के लिए वैक्सीन लगवानी होगी। बस अड्डे व रेलवे स्टेशनों से यात्रा की अनुमति उन्हीं लोगों को मिलेगी, जिन्होंने वैक्सीन लगवाई हो। पेट्रोल पंप, सीएनजी स्टेशन, एलपीजी गैस सिलिंडर कलेक्शन सेंटर, शुगर मिल, मिल्क बूथ, राशन शॉप आदि स्थानों पर वैक्सीन लगवा चुके लोगों को प्रवेश की अनुमति मिलेगी। बैंकों, पार्क, योगशालाओं, जिम, फिटनेस सेंटरों में भी दूसरी डोज लगवाने वालों को ही अनुमति रहेगी। ट्रक व ऑटो रिक्शा यूनियनों में भी यह निर्देश लागू रहेंगे।
कोविन पोर्टल पर एसएमएस भी मान्य होगा
डीसी ने कहा कि लोगों को सरकारी कार्यालयों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाने के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज का प्रमाणपत्र दिखाना होगा। ऐसे लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा जिन्हें पहली डोज लग चुकी होगी और दूसरी डोज लगवाने में अभी समय होगा। इसका उन्हें प्रमाणदेना होगा। इसके लिए आरोग्य सेतु एप पर वैक्सीनेशन का स्टेटस भी दिखाया जा सकता है। साथ ही कोविन पोर्टल पर एसएमएस भी मान्य होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने स्टाफ की तुरंत बैठक लेकर वैक्सीन संबंधी निर्देशों का पालन करवाएं। उन्होंने रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन को निर्देश दिए कि सभी बस चालकों व परिचालकों की बैठक लेकर इस संदर्भ में निर्देश दें। सवारियों को भी टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करें। स्कूल-कालेजों में भी इस दिशा में विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। डीसी ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं व विद्यार्थियों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए।
आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करें
डीसी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 2 लाख 57 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अभी करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा किया गया है, जिसे शत-प्रतिशत पूरा करें। साथ ही चयनित 32 अस्पतालों (22 निजी व 10 सरकारी) को योजना के तहत पैनल में शामिल किया जाए। योजना के तहत आने वाली शिकायतों का निवारण भी प्राथमिकता के आधार पर करें।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान जिला परिषद के सीईओ अमरदीप सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, शशि वसुंधरा, एसडीएम सुरेंद्र दून, एसडीएम संजय बिश्नोई, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुभाषचंद्र, एमडी शुगर मिल जितेंद्र जोशी, डीएसपी विपिन कादयान, सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर, ईटीओ हरित चौधरी, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल सहरावत, तहसीलदार मनोज अहलावत, जिला शिक्षा अधिकारी प्रोमिला भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।