गोहाना। राजकीय महाविद्यालय बड़ौता में स्वचालित मौसम केंद्र (ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन) स्थापित किया है। यह मौसम केंद्र भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे के सहयोग से लगाया गया है। इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन और संस्थान के अधिकारियों के बीच समझौता भी किया गया है।
महाविद्यालय परिसर में लगाए गए इस स्वचालित मौसम केंद्र से अब हवा की गति, हवा की दिशा, तापमान, आर्द्रता और वायुदाब जैसे मौसम से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े रिकॉर्ड किए जाएंगे। इन आंकड़ों के आधार पर मौसम का ज्यादा सटीक अनुमान लगाने में मदद मिलेगी और वैज्ञानिक अध्ययन को भी मजबूती मिलेगी।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस केंद्र के शुरू होने से सोनीपत को स्थानीय स्तर पर मौसम से जुड़े वैज्ञानिक आंकड़े उपलब्ध होंगे। इन आंकड़ों का उपयोग शोध कार्य, शिक्षा, कृषि, आपदा प्रबंधन, जलवायु अध्ययन और शहरी व ग्रामीण योजना बनाने में किया जा सकेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अनिल ग्रोवर ने कहा कि मौसम विज्ञान के क्षेत्र में यह पहल कॉलेज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों को भी मौसम से जुड़े शोध और अध्ययन के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. शैलेश कलकल, डॉ. संतोष कुमार, लेफ्टिनेंट अनिल, विजेंद्र दुग्गल, डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. सरिता मलिक, डॉ. मीना, डॉ. मेहर सिंह, श्री जयप्रकाश, डॉ. नवीन और साहिल सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।