खानपुर मेडिकल कालेज में उपचाराधीन खुर्मपुर का किसान
- फोटो : Sonipat
कुंडली (सोनीपत)। गेहूं की फसल पककर तैयार होने पर कटाई को लेकर यूपी के किसानों ने यमुना खादर में चार महीने बाद फिर से बवाल शुरू कर दिया है। रविवार को यूपी के बागपत जिले के नंगला बहलोलपुर के किसानों ने खुर्मपुर के किसानों पर हमला बोल दिया। इस दौरान अन्य किसान तो बच गए लेकिन भाजपा के जिला पार्षद के भाई को पीटकर हाथ-पैर तोड़ दिए गए। यूपी के किसानों पर कई राउंड लगातार फायरिंग करने का आरोप भी लगाया गया है। घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया। इस मामले में एसपी व कुंडली थाना पुलिस के पास शिकायत की गई। जिसमें अधिकारियों ने पुलिस व तहसीलदार की मौजूदगी में गेहूं की फसल कटवाने का फैसला लिया है।
खुर्मपुर के 200 किसानों की यमुना खादर में लगभग 60 एकड़ खेती की जमीन है। इस जमीन की नवंबर 2020 में डीसी के आदेश पर पैमाइश कराई गई थी और उस समय 24 एकड़ जमीन पर यूपी के किसानों का कब्जा मिला था। उस जमीन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस को लेकर जाने के बाद खुर्मपुर के किसानों को कब्जा दिला दिया था। उस समय भी यूपी के बागपत जिले के नंगला बहलोलपुर के किसानों ने जमकर बवाल किया था और उनके खिलाफ कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद खुर्मपुर के किसानों ने कब्जा मिलने पर जमीन में गेहूं की फसल बोई थी। अब फसल तैयार हो गई है और खुर्मपुर के किसानों को पिछले एक सप्ताह से खेत में जाने पर जान से मारने की धमकी मिलनी शुरू हो गई थी। जिसकी शिकायत दो दिन पहले कुंडली थाना पुलिस व एसपी के पास की गई थी।
खुर्मपुर के किसान रविवार को गेहूं को कटाई के लिए देखने गए थे, जहां नंगला बहलोलपुर के लगभग 25 किसानों ने हमला बोल दिया। वहां से किसान जान बचाकर भागने लगे तो नंगला बहलोलपुर के किसानों ने भाजपा के जिला पार्षद नंदकिशोर के भाई मनोज को पकड़ लिया। उस पर हमला करते हुए हाथ व पैर तोड़ दिए और वहां एक दर्जन से ज्यादा हवाई फायरिंग की गई। उसके बाद हमलावर किसान वहां से भाग गए तो अन्य किसानों ने खुर्मपुर में आकर घटना के बारे में बताया। खुर्मपुर से पहुंचे किसान घायल मनोज को जिला अस्पताल में लेकर गए, जहां से उसे मेडिकल कालेज खानपुर रेफर किया गया। वहां पैर व हाथ की हड्डी टूटी होने की बात कही गई है। खुर्मपुर के किसान राजकुमार, हरपाल, अमन, धनपाल, सचिन, वेदपाल, राजपाल, जोगेंद्र, मुनेश आदि ने नंगला बहलोलपुर के 9 किसानों को नामजद करते हुए 25 के खिलाफ कुंडली थाना पुलिस व एसपी के पास शिकायत दी है।
वर्जन
खुर्मपुर में यूपी के किसानों द्वारा झगड़ा करने की जानकारी मिली है। इस मामले में जिस तरह की शिकायत किसानों की ओर से मिलेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा आगे भी किसानों की सुरक्षा को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी।
- जश्नदीप सिंह, एसपी