गांव हसनपुर के पंचायत फंड में 1.67 करोड़ के गबन व धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बीडीपीओ कार्यालय मुरथल में कार्यरत एसईपीओ सुरेंद्र खत्री ने मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी है। उनका आरोप है कि फर्जी बिल लगाकर हसनपुर पंचायत के खाते से नकदी निकाली गई। जिसमें हसनपुर के सरपंच व ग्राम सचिव समेत अन्य लोग शामिल रहे है।
पुलिस ने एसईपीओ की शिकायत पर हसनपुर के सरपंच जयनारायण, ग्राम सचिव सुरजीत, आईडीबीआई शाखा धतूरी के मैनेजर दीपक, कई सेल्स कंपनियों समेत 13 को नामजद किया गया है। आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर फर्जी बिल बनवाकर राशि निकाली गई, लेकिन विकास कार्य नहीं कराए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी ग्राम सचिव पांच दिन पहले ही आत्महत्या कर चुका है। उसके पिता ने बीडीपीओ मुरथल पर उसके बेटे को आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज सिटी थाना सोनीपत में दर्ज करा रखा है।