सोनीपत। गांव मेहंदीपुर में खेवट अलग करने को लेकर चल रहे विवाद में चचेरे भाइयों ने परिवार के ही सदस्यों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में एक भाई को गंभीर हालत के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने एक पक्ष के बयान पर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की शिकायत दी है। गांव मेहंदीपुर निवासी राजेश ने बताया कि वह किसान और उनका व चाचा का परिवार एक साथ रहता है। उनका अपने ही परिवार के सुभाष के साथ जमीन की खेवट अलग करने को लेकर विवाद चल रहा है।
उनका मामला सोनीपत तहसीलदार की कोर्ट में विचाराधीन है। इसके चलते उनका एक चाचा सुभाष, उनके दो बेटे ऋषि व श्रीओम तथा पत्नी कांता उनसे रंजिश रखते हैं। हमारे परिवार की तरफ से चचेरा भाई अमरजीत ही मुकदमे में पैरवी करता है। सुभाष का परिवार मुकदमा उठाने को कई बार धमकी दे चुका था। उनके नहीं मानने पर आरोपी पक्ष ने षड्यंत्र रचकर उनके भाई अमरजीत को मारने की कोशिश की। 4 दिसंबर को घर से बैठक में जा रहे अमरजीत को ऋषि ने गली में रोककर गालियां देनी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि तेरे लड़के को भी उन्होंने बंधक बना रखा है। यह सुनते ही अमरजीत दौड़ता हुआ आया व परिवार के लोगों को बताया। वह सभी बेटे को छुड़ाने के लिए उनके घर की तरफ दौड़े जहां पर पहले से ही सुभाष व उसकी पत्नी कांता व बेटे ऋषि और श्रीओम घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने जाते ही अमरजीत पर नुकीले हथियार (गाजर उखाडऩे की लोहे की फाली) से हमला कर दिया। उनके सिर व पेट पर कई वार किए गए। जब वह बचाने लगे तो उन पर भी वार कर दिए। इससे वह घायल हो गए।
लोगों के आने पर वह धमकी देकर भाग गए। दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उन्हें रेफर किया तो परिजन निजी अस्पताल में ले गए। वहां से भी अमरजीत को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है।