गोहाना रोड आरओबी पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते पुलिस व प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंध फेल हो गए। सोमवार को सरकारी कार्यालय व बाजार खुलने के बाद सड़कों पर काफी संख्या में वाहन निकले। जिसके कारण शहर के कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस को भी ट्रैफिक कंट्रोल करने में परेशानी हुई। लघु सचिवालय सहित ज्यादातर सरकारी कार्यालय लाइन पार क्षेत्र में हैं, ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
गोहाना रोड आरओबी पर मरम्मत के चलते शहर के कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किए गए। ऐसे में लोगों को घूमकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने बस स्टैंड को केंद्र बिंदु मानकर शहर का रूट डायवर्ट किया था। बस स्टैंड से गोहाना की ओर जाने वाले वाहनों के लिए गीता भवन चौक से रेलवे स्टेशन वाया सारंग रोड, शनि मंदिर अंडरब्रिज का रास्ता तय किया था। ऐसे ही मिशन चौक और मंडी क्षेत्र की ओर जाने वाले आरओबी से उतरने का विकल्प रखा था, जबकि रोहतक रोड की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-14 से महाराणा प्रताप चौक वाया आईटीआई चौक, रोहतक रोड का रूट बनाया गया था, लेकिन रूट मैप का सही से प्रयोग न होने के कारण व्यवस्था फेल हो गई।
शहर में सरकारी कार्यालय खुलने के बाद सोमवार को वाहनों को दबाव बढ़ गया था। गोहाना रोड आरओबी पर मरम्मत के चलते शहर में जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को समस्या के बारे में ज्यादा जानकारी भी नहीं थी। इसके चलते पहले दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। रूट मैप का सख्ती से पालन करवाया जाएगा।
अरुण कुमार, ट्रैफिक प्रभारी, शहर
कंक्रीट का बेस बना कर मिट्टी भरने का काम शुरू हो चुका है। अगले 10 दिन में निर्माण कार्य पूरा करने के बाद ककरोई चौक की तरफ आरओबी को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
आदित्य देशवाल, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग।
देवीलाल चौक पर जाम में फंसे वाहन। संवाद- फोटो : Sonipat
गोहाना रोड आरओबी की रिटेनिंग वाल से हटाई गई मिट्टी। संवाद- फोटो : Sonipat