फोटो 03- सोनीपत के गोहाना स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में खराब पड़ा जनरेटर। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल में कई साल से जनरेटर खराब पड़ा है। गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर अस्पताल में अंधेरा छा जाता है। अस्पताल के पास बिजली का अन्य कोई विकल्प नहीं है। महज बिजली निगम की हॉट लाइन पर ही नागरिक अस्पताल की बिजली व्यवस्था निर्भर है। वहीं, कई जांच भी प्रभावित रहती है। जांच नहीं होने से मरीजों का इलाज नहीं होता है। हालात यह हो जाते हैं कि चिकित्सक को माेबाइल की टॉर्च में मरीजों का इलाज करना पड़ता है।
उपमंडल नागरिक अस्पताल परिसर में जनरेटर रखा हुआ है, लेकिन कई साल से खराब है। अधिकारियों के अनुसार कई वर्ष पहले जनरेटर में अचानक तेज धमाका हुआ और धुंआ उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें निकली और जनरेटर जल गया। इसके बाद जनरेटर को ठीक नहीं कराया गया है। अब गर्मी के दिनों में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती जाती है और नागरिक अस्पताल में मरीजों का इलाज प्रभावित रहता है। लैब में जांच व एक्स-रे नहीं हो पाते हैं। ऐसे में मरीज बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहते हैं।
वर्जन
नागरिक अस्पताल के जनरेटर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लगी थी। इसके बाद इसे ठीक नहीं कराया गया। मुख्यालय से नया जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग की है।
-डॉ. दिनेश छिल्लर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, उपमंडल नागरिक अस्पताल