सोनीपत। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए पात्र बच्चों के नामांकन आमंत्रित किए हैं। इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। यह जानकारी उपायुक्त नेहा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार कम आयु में विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को प्रदान किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज के लिए प्रेरणादायक बच्चों को सम्मानित करना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित छह श्रेणियों में प्रदान किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि पांच से 18 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बच्चों का नामांकन स्वयं, अभिभावक, विद्यालय, संस्थान या कोई अन्य व्यक्ति कर सकता है। सभी आवेदन और नामांकन ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिलावासी महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।