फोटो : सोनीपत में महिला बाल विकास अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहाय
सोनीपत। आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन के आह्वान पर लघु सचिवालय परिसर में शुक्रवार को कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की व अतिरिक्त उपायुक्त को महिला बाल विकास मंत्री के नाम अपना मांगपत्र सौंपा।
यूनियन ने जुलूस निकालकर महिला बाल विकास अधिकारी कार्यालय में कैबिनेट मंत्री और अतिरिक्त सचिव के नाम मांगपत्र सौंपा। यूनियन की जिला प्रधान ऊषा देवी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को पक्के कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। समान काम समान वेतन लागू किया जाए। केंद्र सरकार की ओर से वर्ष 2018 में बढ़ाए गए कर्मी के 1500, हेल्पर के 750 रुपये तुरंत लागू किए जाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया केंद्र सरकार की तर्ज पर दिया जाए। न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये लागू किया जाए व ऑनलाइन काम बंद किया जाए। खाली पदों को भरा जाए, सुपरवाइजर की 50 फीसदी पदोन्नत आंगनबाड़ी वर्कर से की जाए।
मंच संचालन जिला सचिव सोना देवी ने किया। धरने पर सीटू नेता श्रद्धानंद सोलंकी, शीलक राम मलिक, सुनीता, अनीता, संजना, कविता, कमलेश, रानी, गीता, सविता भी मौजूद रहीं।