गांव लाठ-जौली चौक के पास कार की टक्कर से बाइक सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने पीजीआई रोहतक से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव जवाहरा निवासी धर्मपाल ने सदर थाना गोहाना पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सुनीता आंगनबाड़ी में कार्यरत थी। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सोनीपत कार्यालय में बैठक थी। वह अपनी पत्नी को बाइक से छोड़ने के लिए जा रहा था। जब वह लाठ जौली चौक के निकट पहुंचा तो पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। सुनीता सड़क पर गिर गई, जबकि वह सड़क के किनारे जा गिरा। टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर भाग गया। धर्मपाल अपनी घायल पत्नी को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान सुनीता की मौत हो गई। धर्मपाल की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।