गोहाना में अपनी बगिया में लगे पौधों की देखभाल करती सुमन सैनी। संवाद
गोहाना। शहरवासी सुमन सैनी ने अपने घर की बगिया को ऐसा रूप दिया है जहां हरियाली के साथ-साथ रोजमर्रा की रसोई के लिए ताजी सब्जियां भी तैयार हो रही हैं। सुमन सैनी ने अपनी बगिया में कई तरह की सब्जियों और फूलों के पौधे लगाए हुए हैं।
सुमन सैनी ने बताया कि अब उन्हें किचन के लिए बाहर से सब्जियां खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। उनकी बगिया में खीरा, ककड़ी, भिंडी, करेला, तोरी, घीया, पालक, दो तरह के बैंगन, टमाटर और मिर्च के पौधे लगे हुए हैं। इसके साथ ही पपीते के पेड़ भी लगाए गए हैं।
सुमन सैनी ने बताया कि ताजी और स्वच्छ हवा के लिए उन्होंने गेंदे और गुलाब के फूल भी अपनी बगिया में लगाए हैं। सुबह और शाम करीब दो-दो घंटे वह अपनी बगिया की देखभाल में लगाती हैं।
उन्होंने कहा कि बगिया में काम करने से उनका स्वास्थ्य अच्छा रहता है और परिवार को ऑर्गेनिक सब्जियां भी मिल रही हैं। आसपास के लोग भी उनकी इस पहल की सराहना कर रहे हैं।
गोहाना में अपनी बगिया में लगे पौधों की देखभाल करती सुमन सैनी। संवाद