महेन्द्रगढ़। शहर के एक बड़े हिस्से को वैकल्पिक बाइपास मिलने का रास्ता साफ हो गया है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 4.5 करोड़ रुपये होगी। इस बाइपास के निर्माण से स्कूल और कॉलेज की बसों से लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इसकी घोषणा के बाद इसके जल्द पक्का होने की उम्मीद है।
यह वैकल्पिक बाइपास बूचौली रोड के मिर्जा वाला कुआं से शुरू होकर रेलवे अंडरपास से होते हुए सीधा रेवाड़ी रोड पर निकलेगा। रेलवे की तरफ से अंडरपास का निर्माण पहले ही किया जा चुका है। सांसद धर्मबीर सिंह ने इस वैकल्पिक बाइपास के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने लगभग ढाई वर्ष पूर्व इसे पक्का करने का एस्टीमेट भेजा था। सांसद ने अपने चुनाव में भी इस बाइपास के निर्माण की बात कही थी। इस परियोजना से एक दर्जन गांवों के लोगों को सीधा लाभ होगा। बूचौली रोड पर तीन बड़े स्कूल और कॉलेज स्थित हैं।