गांव चिड़ाना में शामडी रोड पर एक एंबुलेंस चालक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद पहुंची मुंडलाना चौकी पुलिस ने तीनों को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया। इसके साथ ही मृतक के चाचा के बयान पर आरोपी एंबुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव चिड़ाना निवासी समुंद्र ने पुलिस को बताया कि वह 18 मार्च को रात नौ बजे सुरेश के साथ गांव से शामड़ी की तरफ घूमने के लिए गया हुआ था। जब वह वापस आ रहे थे तो गांव चिड़ाना की तरफ से एक चालक एंबुलेंस को तेज रफ्तार में चलाता हुआ आया और शामड़ी की तरफ से एक बाइक पर आ रहे तीन युवकों को सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद वह एंबुलेंस को मौके पर छोड़कर वहां से भाग गया। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो बाइक सवार उसका भतीजा पीनू (17) व गांव के ही राकेश व आशीष थे। इस हादसे में राकेश व आशीष को चोटें आई, जबकि पीनू की मौत हो गई। हादसे की सूचना की बाद पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उनका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही पीनू के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा। पुलिस ने आरोपी एंबुलेंस चालक की भी तलाश शुरू कर दी है।