आंबेडकर भवन का शिलान्यास करते विधायक देवेंद्र कादियान। स्रोत : प्रवक्ता
गन्नौर। भोगीपुर गांव में लगभग 20 लाख रुपये से आंबेडकर भवन का निर्माण किया जाएगा। वीरवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने बतौर मुख्यातिथि नारियल फोड़कर भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत की ओर से पेयजल सप्लाई परियोजना का भी शुभारंभ किया गया जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने ग्रामीणों को समस्याओं को सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन पर जल्द समाधान के निर्देश दिए। विधायक कादियान ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंबेडकर भवन बनने से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से आंबेडकर भवन की मांग की जा रही थी जो अब पूरी होने जा रही है। इससे गांव में सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।