खरखौदा। सोशल मीडिया पर एक पटवारी का कथित रूप से रुपये लेते वीडियो वायरल हो गया। इसमें एक व्यक्ति रुपये लेते दिख रहा है। वीडियो को लेकर जिसका नाम आया उन्होंने बताया कि यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। तब तकसीम के इंतकाल की फीस ली गई थी। वहीं मामले में एसडीएम ने जांच कराने की बात कही है।
रविवार को सोशल मीडिया पर अचानक एक वीडियो वायरल हो गया। इसमें एक व्यक्ति किसी काम के एवज में रुपये लेता दिखाई दे रहा है। वीडियो में हो रही बातचीत के दौरान किसी की आवाज आ रही है और वह खर्चे पानी की बात करता है। जिस पर वह व्यक्ति कहता है कि दे दो आप जो दो, फिर वह दो हजार रुपये ले लेता है। वह व्यक्ति बहुत कम पैसे देने की बात कहते हुए एक अन्य का नाम लेकर कहता है कि उससे पूछ लेना कि वहां पर दो तकसीम के इंतकाल हैं। वीडियो में रुपये लेने वाला व्यक्ति खरखौदा क्षेत्र का पटवारी बताया जा रहा है। वीडियो को लेकर जब पटवारी से बात की गई तो उसने बताया कि यह वीडियो दो वर्ष पहले का है। इसमें क्षेत्र के गांव के एक व्यक्ति से तकसीम के इंतकाल और नकल देने की फीस ली गई थी। यह राशि दो हजार रुपये से ज्यादा बनती है, जबकि उस व्यक्ति ने दो हजार रुपये उसे दिए थे। दो साल पहले भी यह वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
प्रदेश के 370 पटवारियों पर लग चुका भ्रष्टाचार का आरोप
प्रदेश सरकार की तरफ से पिछले दिनों एक सूची जारी कर प्रदेशभर के 370 पटवारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इसमें सोनीपत के 41 पटवारी शामिल थे। उसमें खरखौदा क्षेत्र के भी 11 पटवारी थे। अब यह वीडियो वायरल हो गया है।
-
वायरल हुए वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी। इसके अनुसार ही कार्रवाई होगी।
- डॉ. निर्मल नागर, एसडीएम खरखौदा