गांव सांदल कलां में पूर्व जिला पार्षद के नेतृत्व में रोष जताते पीड़ित व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Sonipat
हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव सांदल कलां के युवक के साथ ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को पूर्व जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में पीड़ित युवक के साथ ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों के साथ सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है।
शनिवार को पूर्व जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने बताया कि सांदल कलां निवासी नवनीत को करीब 3 साल पहले हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने दस लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने युवक को झांसे में लेकर पांच लाख रुपये एडवांस तथा बाद में गृहमंत्री अनिल विज के नाम से फर्जी लेटर दिखाकर पांच लाख रुपये और ठग लिए। पीड़ित नवनीत ने बताया कि जब उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है तो वह अपने पैसे लेने के लिए कई बार आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन आरोपी ने उसे जान से मारने या फिर परिवार की महिला से छेड़खानी के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। संजय बड़वासनिया ने कहा कि नौकरी के नाम पर पैसे ठगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इसे लेकर सोमवार को एसपी से मिलकर शिकायत करेंगे। इस दौरान मोनू, सुरेंद्र, कप्तान, प्रदीप, राजबीर, राजेश, रोहताश मौजूद रहे।