सोनीपत। खेल स्कूल राई के प्राचार्य एवं निदेशक प्रमोद कुमार धीमन ने राई थाना में शिकायत दी। उनका कहना है कि स्कूल का अपनी जमीन पर कब्जा है। राजस्व रिकॉर्ड में भी इस जमीन का सरकार ने अधिग्रहण कर रखा है। अब बालग्राम राई के रास्ते व स्कूल के आवासीय क्वार्टर के पास बड़खालसा गांव के युवराज नामक युवक ने करीब एक कनाल जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया है।
युवराज अपने करीब 20 साथियों के साथ जमीन पर पहुंचा। उन्होंने जमीन की पिल्लर लगाकर चहारदीवारी करने का प्रयास किया। पुलिस की मदद से आरोपियों को हटाया गया। पुलिस ने आरोपी युवराज व उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।