सोनीपत। कालूपुर बूस्टिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से निर्माण किया जा रहा है। यहां पर ककरोई रोड पर निर्मित पानी शोधन संयंत्र से पानी स्टोर किया जाएगा। इसके निर्माण करीब तीन लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जनहित अभियान फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र हुड्डा ने निगम की ओर से ग्रीन बेल्ट नष्ट करने का आरोप लगाया है।
कालूपुर बूस्टिंग स्टेशन से कालूपुर, भगत सिंह कॉलोनी, बाबा कॉलोनी, इंडस्ट्रियल एरिया, गूगा मंदिर, कीर्ति नगर में पानी की आपूर्ति होती है। नगर निगम की योजना है कि ककरोई रोड पर निर्मित पानी शोधन संयंत्र से कालूपुर बूस्टिंग स्टेशन पर अतिरिक्त पानी लाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से अतिरिक्त पानी के टैंक का निर्माण किया जा रहा है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र हुड्डा ने कहा कि नगर निगम की ओर से निर्माण के नाम पर ग्रीन बेल्ट को नष्ट किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फाउंडेशन की ओर से मेहनत से ग्रीन बेल्ट का निर्माण किया था। ऐसे में वह अधिकारियों को शिकायत करेंगे।
वर्जन
कालूपुर बूस्टिंग स्टेशन पर पानी भरने के लिए स्टोरेज टैंक का निर्माण किया जा रहा है। वहां पर ग्रीन बेल्ट को नुकसान नहीं पहुंचाया है। अगर नुकसान हुआ है तो टैंक का निर्माण पूरा हाेते ही दोबारा ग्रीन बेल्ट बनवा दी जाएगी।-प्रविंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता, नगर निगम