अक्षय तृतीय पर कच्चे क्वार्टर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में लगी भीड़। संवाद
सोनीपत। अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के अवसर पर शहर के सर्राफा बाजार में चहल-पहल देखने को मिली। ज्वेलरी दुकानदारों के अनुसार इस बार लोगों ने महंगाई के कारण 5 से 10 ग्राम तक आभूषणों की ही खरीदारी कर परंपरा निभाई।
कच्चे क्वार्टर स्थित झेलम जावेरी प्राइवेट लिमिटेड के संचालक सतीश कुमार भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष बाजार में भीड़ तो काफी रही लेकिन लोगों ने जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए सीमित खरीदारी की। उन्होंने बताया कि शहर में ज्वेलरी की करीब 150 छोटी-बड़ी दुकानें हैं जिनमें पूरे दिन ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा।
ज्यादातर ग्राहकों ने 5 से 10 ग्राम तक सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी की। बहुत कम ही दुकानों पर 20 ग्राम से ऊपर की खरीदारी हुई। हालांकि बड़ी दुकानों में और विशेषकर शादी-विवाह के लिए कुछ लोगों ने 200 ग्राम तक की भी खरीदारी की। हालांकि ऐसे लोगों की संख्या बहुत ही कम रही। व्यापारियों का मानना है कि महंगाई के कारण लोगों ने भारी खरीदारी से परहेज किया लेकिन परंपरा निभाने के लिए अधिकांश ग्राहकों ने कुछ न कुछ जरूर खरीदा।