फोटो 19: सोनीपत के खरखौदा में अखाड़ा संचालक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के सा
- फोटो : संवाद
खरखौदा । अखाड़ा संचालक राकेश राणा की हत्या के दो आरोपियों को क्राइम यूनिट खरखौदा प्रभारी सत्यवान की टीम ने दिल्ली के बवाना बाईपास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव सोहटी निवासी मनोज व उसका भांजे झज्जर जिले के गांव महराणा निवासी साहिल के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है। मनोज अखाड़ा संचालक का रिश्ते में चाचा है।
एसीपी राजपाल सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गांव सोहटी निवासी चांद सिंह ने 26 फरवरी को खरखौदा थाना पुलिस को बताया था कि उनके भतीजे राकेश राणा हॉल में रोहतक की ओमेक्स सिटी में रहते थे और सोहटी धाम स्थित अखाड़ा के संचालक थे। वह गोहाना के गांव बनवासा में स्कूल व अकादमी भी चलाते थे। राकेश राणा 26 फरवरी को गांव कुंडल में महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित दंगल में बेटे अमृत व अन्य पहलवानों के साथ गए थे। बेटे की कुश्ती देखने के बाद वापस जाने लगे तो एक हजार से अधिक लोगों के सामने बाइक सवार गांव के मनोज व उसके भांजे साहिल ने राकेश राणा की तीन गोली मारकर हत्या कर दी थी।
चांद सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनका परिवार में चचेरे भाई मनोज के साथ प्लॉट को लेकर विवाद है। इसमें 15 जुलाई, 2024 को उन्होंने मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उनका भतीजा राकेश उनकी पैरवी करता था। इसी के चलते उनके भतीजे की हत्या की गई है।
आरोपी बोला- दे रहा था धमकी
एसीपी ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछा कि उन्होंने हत्या किस कारण की है। तब मनोज ने कहा कि वह उन्हें मारने की धमकी देता था। उन्होंने उनके घर वालों को भी इस बारे में बताया था।