सोनीपत। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि दिल्ली की खारी बावली मसाला और ड्राई फ्रूट मंडी को गांव सेरसा में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई है। अभी तक मंडी के लिए सिर्फ 16 एकड़ जमीन है, लेकिन व्यापारियों ने 50 एकड़ जमीन की मांग की है। मंडी के शिफ्ट होने से आसपास गांवों में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों को भी रोजगार मुहैया होगा। पंचायत द्वारा जमीन देने की प्रक्रिया पूरी होते ही यहां मंडी के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। कृषि मंत्री जेपी दलाल रविवार को सेरसा में मसाला मंडी के लिए चिह्नित जमीन को देखने पहुंचे थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि दिल्ली की मसाला मंडी में फिलहाल 40 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है और यहां मंडी आने के बाद यह पूरा व्यापार यहां शिफ्ट हो जाएगा। सरकार को राजस्व का लाभ होगा और इससे आस-पास के करीब 50 हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा। यहां मसाला मंडी शिफ्ट करने के लिए दिल्ली में उनकी मसाला व्यापारियों से मीटिंग हुई थी, जहां व्यापारियों ने सेरसा में 50 एकड़ जमीन देने की मांग उठाई थी। मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि ग्राम पंचायत से और जमीन मिलने की सहमति आते ही तुरंत काम शुरू करवा दिया जाएगा। यह जगह केएमपी और केजीपी एक्सप्रेस वे के नजदीक है और यहां से देश में कहीं भी माल भेजा जा सकता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि गन्नौर की अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी जल्द ही अपने पूरे स्वरूप में होगी। इसके लिए सरकार की ओर से 400 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही बागवानी मंडी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश के किसानों को फल-फूल व सब्जी के साथ-साथ मत्स्य पालन के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए मंडियों की व्यवस्था कर रहे हैं, ताकि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके। साथ ही अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे किसानों के कौशल विकास के लिए अच्छे प्रशिक्षण कोर्स तैयार करें। किसानों और उनके बच्चों को अच्छा प्रशिक्षण मिलेगा तो वे बागवानी, मत्स्य और मशरूम जैसे कार्यों से अपनी आय बढ़ा सकते हैं और विदेशों में भी जा सकते हैं। युवाओं को कृषि, बागवानी और पशुपालन जैसे व्यवसायों के लिए लोन देने में भी मदद की जाएगी।
विधायक मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मसाला मंडी की यह मांग जमीन के अभाव में रुकी हुई थी। उन्होंने स्वयं इसके लिए कृषि मंत्री जी से बात की और आश्वासन दिया है कि जितनी भी जमीन की आवश्यकता होगी दी जाएगी ताकि यहां जल्द मंडी की स्थापना हो। मंडी के निर्माण के बाद यहां रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और क्षेत्र का विकास होगा। मार्केटिंग बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत ने कहा कि यह मंडी क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलदीप नांगल, वीरेंद्र चोटीवाला, ताहर सिंह चौहान, अरुण चौहान, सुनील रोहिल्ला, मोनू, राजेश, अशोक कौशिक, अमर सिंह श्योराण, जेपी नरवाल, धर्मबीर, सतपाल खत्री, दरियाव सिंह, रणबीर सिंह मान, रणजीत मान, सतबीर मलिक, कुलदीप मान, अमित खत्री, राकेश मान, विजय, अनिल खत्री आदि मौजूद रहे।