सोनीपत। सीआरपीएफ भर्ती में हुए फर्जीवाड़े में लिखित परीक्षा दूसरे से दिलवाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव सिसाना का रहने वाला अमित और रोहतक के गांव गिजी का रहने वाला संदीप और बोहर का रहने वाला हिमांशु है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस उनके स्थान पर पेपर देने वाले आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
विदित रहे कि 27 अगस्त को भर्ती बोर्ड के चेयरमैन और सीआरपीएफ चंडीगढ़ के द्वितीय कमांडेंट संजय कुमार ने राई थाने में शिकायत दी थी कि ग्रुप केंद्र खेवड़ा में सीआरपीएफ सिपाही भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में कई अभ्यर्थियों ने दूसरे से परीक्षा दिलवाई थी। बाद में वह फिजिकल देने खुद आ गए थे। जिस पर डीआईजी (भर्ती), नई दिल्ली की तरफ से पत्र मिला था कि जिन अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी मिलान नहीं कर रही है, उन्हें परीक्षा से हटा दिया जाए और उनके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाए। जिस पर राई पुलिस ने अंगूठे का मिलान नहीं होने पर चरखी दादरी के गांव पंडवान के अनिल कुमार, गांव रानीला के योगेश कुमार, पानीपत के गांव जलमाना के सच्चेंद्र और भिवानी के गांव खरक खुर्द निवासी सुरेश पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस मामले में गांव गंगाना के प्रदीप, चिढ़ाना के सोनू, गांव भावड़ निवासी मोनू और आजाद, गांव बिधलान के नितिन, झज्जर के गांव लडरावण के धीरज व दुबलधन के देवेंद्र, चरखी दादरी के गांव अचीना टाल के रहने वाले दीपक और विनीत तथा गांव भागेश्वरी के रहने वाले जगबीर को पहले काबू कर चुकी है।
मामले में एसआई रणबीर सिंह की टीम ने अब अमित, संदीप और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ने लिखित परीक्षा पास कराने के लिए दूसरे से पेपर दिलवाए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एक ने चार लाख तो दो ने एक-एक लाख में किया था सौदा
मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में से एक ने चार लाख और दो ने एक-एक लाख रुपये में परीक्षा पास कराने का सौदा किया था। मामले में सिसाना के अमित ने अपने परिचित को परीक्षा पास कराने के नाम पर चार लाख रुपये दिए थे। वहीं गिजी के संदीप और बोहर के हिमांशु ने अपने अलग-अलग जानकारों को पेपर पास कराने के नाम पर एक-एक लाख रुपये दिए थे। अब पुलिस उनके स्थान पर पेपर देने वालों का पता लगाकर उन्हें काबू करेगी।
परीक्षा देने वालों का लगाया जा रहा सुराग
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उनके स्थान पर परीक्षा देने वालों का सुराग लगाया जा रहा है। उन्हें भी जल्द पकड़ा जाएगा।
रणबीर सिंह, एसआई, थाना राई।