फोटो 08- सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित सामुदायिक केंद्र में दुर्गा महोत्सव के दौरान पूजन में पारंप
सोनीपत। सेक्टर-14 स्थित सामुदायिक केंद्र में बंगाली एसोसिएशन की ओर से विजयदशमी पर पांच दिवसीय 34वें दुर्गा महोत्सव को संपन्न किया गया। नवरात्र उत्सव मनाकर बंगाली समुदाय के लोगों ने तीन दिन तक मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की। बुधवार रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में मेयर राजीव जैन ने शिरकत की। दुर्गा महोत्सव में बच्चों ने मां दुर्गा की उपासना व भजनों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने ढाक अर्थात बंगाली ढोल की थाप पर धुनुची नृत्य किया। महिलाओं ने देर रात तक बंगाली परंपरा पर आधारित माता रानी को समर्पित सिंदूर अर्पित कर सिंदूर खेल खेला व ढाक नृत्य कर रस्मों को निभाया।
महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना के लिए मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया। साथ ही एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अपने पतियों की लंबी आयु की कामना की। बंगाली एसोसिएशन के प्रधान निशित ऐच ने बताया कि मां दुर्गा को अर्पित किया गया सिंदूर उनके सौभाग्य, समर्पण व शिव के प्रति प्रेम का प्रतीक माना गया है।
मान्यता है कि महोत्सव में मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने से अखंड सौभाग्यवती का आशीर्वाद मिलता है। वीरवार को पंडाल में महिलाओं ने पारंपरिक पोशाक में श्रद्धालुओं के साथ मां दुर्गा की आराधना की। इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा को रथ पर विराजमान कर विसर्जन के लिए ले जाया गया। विसर्जन के साथ मां दुर्गा से सभी के सुखमय जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में अरूधती, बाती, शितेष शाह, शामा घोष सहित समाज के लोग मौजूद रहे।
फोटो 08- सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित सामुदायिक केंद्र में दुर्गा महोत्सव के दौरान पूजन में पारंप