सोनीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालयों में रिक्त सीटों को भरने के लिए एक बार फिर 30 सितंबर तक पोर्टल खोला है। अभी तक दाखिला नहीं लेने वाले विद्यार्थी अब यूजी और पीजी में 30 सितंबर तक दाखिला ले सकेंगे।
पोर्टल खुलने के बाद ही शनिवार को महाविद्यालयों में दाखिला लेने के लिए नाममात्र ही विद्यार्थी पहुंचे। महाविद्यालय प्रबंधन को रिक्त सीटें भरने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ रहा है। व्हाट्सएप ग्रुप, फोन व अन्य माध्यम से विद्यार्थियों को पोर्टल खुलने के बारे में अवगत कराया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी अंतिम अवसर का फायदा उठाकर दाखिला ले सकें।
किन्हीं भी कारणों से महाविद्यालयों में दाखिला लेने से वंचित रहे छात्रों को निदेशालय की ओर से 11 दिन का अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे में महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को राहत देते हुए एक बार फिर दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि इस बार पोर्टल 30 सितंबर तक ही खोला गया है। ओपन काउंसिलिंग के तहत विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रिक्त सीटों को भरा जाएगा।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय व स्नातकोत्तर प्रथम, द्वितीय वर्ष के लिए दाखिला प्रक्रिया फिर से प्रारंभ की है। अब तक दाखिले से वंचित विद्यार्थी 30 सितंबर तक आवेदन व फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकते हैं। विद्यार्थियों को विभिन्न माध्यम से पोर्टल खुलने के बारे में अवगत कराया जा रहा है।-अर्चना गुप्ता, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत