सोनीपत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानाें (आईटीआई) में शुक्रवार को दाखिला प्रक्रिया के पहले दिन विद्यार्थियाें ने अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर दाखिला फीस जमा करवाई। सोनीपत आईटीआई में प्रथम दिन 106 विद्यार्थियाें ने अपना दाखिला करवाया। विद्यार्थियों को आईटीआई में दाखिला लेने व दस्तावेज सत्यापन के लिए 8 जुलाई तक का समय दिया गया है।
जिला के 12 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 4536 सीटों के लिए 8806 युवाओं के आवेदन मिलने के बाद दाखिला प्रकिया शुरू की गई। सोनीपत के राठधना रोड स्थित आईटीआई के वर्ष 2025-26 सत्र में 48 ट्रेड में दाखिले के लिए 1044 सीट व दूसरे वर्ष के प्रवेश के लिए 516 सीटों सहित कुल 1560 सीटें तय की गई हैं।
पहले दिन लिफ्ट एंड एक्केलेटर मैकेनिक के लिए दो, मोटर व्हीकल मैकेनिक में 11, हिंदी सहायक स्टेनोग्राफर के लिए 10, कंप्यूटर जनरल एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए 10 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक्स मैकेनिक ड्यूल में आठ, ड्राफ्ट्समैन, मैकेनिक में सात, रेफ्रिजरेटर एंड एयर कंडिशनिंग तकनीशियन में पांच, इलेक्ट्रीशियन ड्यूल में नौ ने फीस भरी। वहीं ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल में सात, फीटर ड्यूल में छह, मैकेनिक ड्यूल व प्लंबर में चार-चार विद्यार्थियों ने अपनी दाखिला फीस जमा करवाई। आईटीआई में दिनभर युवाओं की भीड़ दस्तावेजों का सत्यापन करवाने में जुटी रही।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानाें में दाखिला प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सोनीपत आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया के पहले दिन 106 विद्यार्थियों ने अपने दस्तावेजों का सत्यापन व फीस जमा करवाकर दाखिला लिया। मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 8 जुलाई तक दाखिला ले सकते हैं। सभी आईटीआई में चार दिन दाखिला प्रक्रिया के बाद 9 जुलाई को शेष सीटों पर सूची तैयार की जाएगी। पोर्टल ओपन करने के बाद 11 जुलाई दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी।
- सुनील मलिक, नोडल अधिकारी, आईटीआई, सोनीपत