फाेटो 31- सोनीपत के हिंदू महाविद्यालय में दाखिला फीस जमा करवाने के लिए पहुंचे विद्यार्थी। स्र
सोनीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से महाविद्यालयों में स्नातक की प्रथम कक्षाओं में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियाें के लिए दूसरी मेरिट सूची जारी करने के बाद शुक्रवार को कम संख्या में विद्यार्थी फीस जमा करवाने पहुंचे। इन विद्यार्थियों ने अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर दाखिला लेने के लिए फीस जमा करवाई। महाविद्यालयों में चयनित विद्यार्थियाें को 7 जुलाई तक दाखिला लेने की छूट प्रदान की गई है।
महाविद्यालय प्रबंधकों का कहना है कि दूसरी मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 7 जुलाई तक अपने दस्तावेज सत्यापन व दाखिला फीस जमा करवा सकते हैं। फिलहाल जिले के अधिकतर महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं की 50 फीसदी सीटें रिक्त बची हैं। द्वितीय चरण की दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने केे बाद 9 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी।
निदेशालय की ओर से 10 जुलाई को पुन: ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोलकर विद्यार्थियों को एक और मौका दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी 11 से 17 जुलाई तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ महाविद्यालयों में दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद 18 से 24 जुलाई तक रोजाना के 100 रुपये विलंब शुल्क के हिसाब से दाखिला लिया जाएगा। जिले में चल रहे 23 राजकीय, निजी व एडिड महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं के लिए 13562 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इस बार महाविद्यालयों में तय सीटों पर भी आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे में महाविद्यालयों में निर्धारित सीटें भर पाना संभव नहीं है। वहीं प्रथम सूची के तहत दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 15 जुलाई से कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। विद्यार्थी महाविद्यालयों में पहुंचकर अपने पाठ्यक्रम की शुरुआत कर सकेंगे।
स्नातक की प्रथम वर्ष की कक्षाओं में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए वीरवार को दूसरी मेरिट सूची जारी की गई थी। सूची को ज्यादा विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में शुक्रवार को महाविद्यालयों में दस्तावेज सत्यापन व दाखिला फीस जमा करवाने वाले विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा नहीं रही। इन विद्यार्थियों को 7 जुलाई तक का समय दिया गया है। इसके बाद शेष सीटों पर सूची तैयार की जाएगी।
- गौरव गर्ग, पीआरओ, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत