सोनीपत। आईटीआई में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब तक जिन विद्यार्थियों ने आईटीआई में पंजीकरण नहीं कराया है या पंजीकरण करवाने के बावजूद चार चरणों की दाखिला प्रक्रिया में उनका नाम नहीं आया है, उनके लिए दोबारा पोर्टल खोला गया है। साथ ही कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विज्ञान ने पांचवें चरण की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। विद्यार्थी को निर्धारित तिथि तक दस्तावेज सत्यापन के साथ ही फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कराना होगा। खास बात यह है कि पांचवें चरण की दाखिला प्रक्रिया में किसी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं होगा।
सोनीपत आईटीआई में 988 सीटों पर दाखिले के लिए 30 जुलाई से 21 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चली। आवेदन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई। चार चरणों में चली दाखिला प्रक्रिया के बावजूद 988 सीटों में से महज 550 सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। अभी भी 438 सीटें रिक्त हैं। जिले की अन्य 12 राजकीय आईटीआई में भी 40 से 50 फीसदी तक सीटें रिक्त हैं। जिसे देखते हुए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने पोर्टल खोलते हुए पांचवें चरण की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया है। जिसके अनुसार विद्यार्थी अपनी ट्रेड बदलवाने के लिए भी 2 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। 3 अक्तूूबर को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। मेरिट लिस्ट में स्थान बनाने वाले विद्यार्थी को 6 अक्तूबर तक दस्तावेज सत्यापन व फीस जमा करवाकर दाखिला सुनिश्चित करवाना होगा। आईटीआई प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। विद्यार्थी सुबह 9 से शाम 5 बजे तक किसी भी समय आईटीआई में आकर हेल्प डेस्क पर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं। 6 अक्तूबर तक चलने वाली दाखिला प्रक्रिया के दौरान रविवार को अवकाश के दिन भी आईटीआई खुली रहेगी। हालांकि इस दिन केवल दाखिला संबंधी कार्य ही किया जाएगा। इस बीच केवल 5 अक्तूबर को दशहरे का अवकाश रहेगा।
नए आवेदनों को छठे चरण में किया जाएगा शामिल
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षक विभाग की तरफ से जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने दाखिले के लिए आज तक पंजीकरण नहीं करवाया है। वे विद्यार्थी भी 8 अक्तूबर तक दाखिले के लिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इन विद्यार्थियों को छठे चरण की दाखिला प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। छठे चरण की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल 6 अक्तूबर के बाद जारी किया जाएगा।
पांचवें वें चरण की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल
नए विद्यार्थी दाखिले के लिए कर सकेंगे आवेदन : आठ अक्तूबर तक
ट्रेड बदलवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे विद्यार्थी : दो अक्तूबर तक
पांचवीं मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी : तीन अक्तूबर
दस्तावेजों की जांच : तीन, चार और छह अक्तूबर
फीस जमा करने की तिथि : तीन, चार और छह अक्तूबर
आईटीआई में चार चरणों की दाखिला प्रक्रिया के बाद भी करीब 45 फीसदी सीटें रिक्त हैं। जिसे देखते हुए विभाग ने रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए पांचवें चरण की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया है। जिसके तहत आईटीआई में दाखिला ले चुके विद्यार्थियों को भी अपनी ट्रेड बदलवाने का मौका दिया गया है। 3 अक्तूबर को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, उसी दिन दस्तावेज सत्यापन व दाखिले के लिए फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जो 6 अक्तूबर तक चलेगी। नए विद्यार्थी 8 अक्तूबर दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हें छठे चरण की दाखिला प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।- विक्रम सिंह, प्राचार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत