फोटो 24: सोनीपत के गांव सांदल कलां में मृतक आदित्य की रस्म तेहरवीं के बाद हुई पंचायत में मौजूद
गन्नौर। गांव सांदल कलां में हुई आदित्य की हत्या के बाद वीरवार को तेरहवीं के बाद ग्राम सांदल निवादा की चौपाल में पंचायत हुई। पंचायत में संदेह जताया गया कि आदित्य की जिस तरह से हत्या की गई वह किसी अकेले व्यक्ति का काम नहीं है।
पंचायत में आदित्य हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, अन्य की भूमिका और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। वहीं, जांच कर रही पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने आदित्य का मोबाइल फोन आरोपी के घर से बरामद कर लिया है।
पंचायत में लव वंशीय खत्री खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र खत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पंचायत में हत्याकांड की निगरानी और आगे की रणनीति तय करने के लिए 16 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी पुलिस जांच पर नजर रखेगी।
पंचायत ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में पूरे मामले की तस्वीर साफ की जाए। यदि अन्य किसी की संलिप्तता हैं तो उसकी भूमिका उजागर की जाए। संतोषजनक कार्रवाई न होने पर आगे बड़े फैसले लिए जाएंगे।
सिर, माथे व कान पर मिले थे चोट के निशान : पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने आदित्य के सिर, माथे व कान पर धारदार हथियार से हमला किया है। वहीं, आदित्य के शरीर के कई हिस्से पर गुम चोटों के निशान भी मिले हैं।
फोटो 24: सोनीपत के गांव सांदल कलां में मृतक आदित्य की रस्म तेहरवीं के बाद हुई पंचायत में मौजूद