माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। नाबालिग विद्यार्थियों के बाइक या अन्य वाहन चलाकर स्कूल जाने पर उनके अभिभावकों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। स्कूल बसों की जांच के लिए आरटीए विभाग, संबंधित एसडीएम व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें बनाई जाएंगी।
यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की मासिक बैठक में दिए। बैठक में 28 एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा हुई।
एडीसी ने निजी कैब में क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए सभी विभाग समन्वय से काम करें। एनएचएआई अधिकारियों को बीसवांमील चौक से अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। चौक पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्लिप रोड बनाने की संभावनाएं तलाशने और एनएच-44 के किनारे फुटपाथ बनाने की संभावना पर भी काम करने को कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगी ग्रिलों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में फुट ओवरब्रिज (एफओबी) से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। एडीसी ने जिन स्थानों पर एफओबी नहीं बनने हैं, वहां रंबल स्ट्रिप, साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय करने को कहा। निर्माणाधीन एफओबी का काम जल्द पूरा कर उन्हें संचालित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर जलभराव दूर करने, सुभाष चौक से कच्चे क्वार्टर के बीच संभावित पार्किंग व्यवस्था की मौके पर जांच करने और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। सड़कों पर पीली और सफेद पट्टियां लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रशांत कौशिक व अन्य मौजूद रहे।