राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुई स्पर्धा में शामिल खिलाड़ी। विभाग
सोनीपत। हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम के तहत जिले में 28 से 30 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न खेल गतिविधियों और कार्यक्रमों में करीब 700 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हॉकी ओलंपियन निशा वारसी भी कार्यक्रमों में शामिल हुईं।
28 अगस्त को स्पोर्ट्स बंधन पास द बॉल और अन्य खेल गतिविधियों में करीब 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 29 अगस्त को लगभग 200 खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद को उनके खेल योगदान के लिए श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो टीमों के बीच हॉकी मैच कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हॉकी ओलंपियन निशा वारसी मौजूद रहीं।
30 अगस्त को संडे ऑन साइकिल थीम पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
निशा वारसी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रमों में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया। युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेकर अनुशासन, मेहनत और नियमित अभ्यास के साथ अपनी प्रतिभा निखारनी चाहिए। उन्होंने खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, स्वस्थ जीवनशैली और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।