सेक्टर-15 के पास टीडीआई सिटी के सामने शनिवार को हुडा और नगर निगम के ईओ पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने खाली प्लॉट में कूड़ा एकत्र कर आग लगाने वालों की जानकारी ली। अगर आप यह सोच रहे हैं कि अधिकारी सजग हो गए हैं तो ऐसा नहीं है। यह तो सीएम कार्यालय का प्रेशर था। हुआ यूं कि टीडीआई सिटी में रहने वाले एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अकाउंट पर ट्वीट किया था। बस फिर क्या था। अगले ही दिन सीएम कार्यालय से डीसी कार्यालय को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीसी राजीव रतन ने नगर निगम और हुडा के ईओ को मौके पर भेज दिया।
शुक्रवार को किया था ट्वीट
संदीप वत्स ने शुक्रवार को 4 बजकर 50 मिनट पर मुख्यमंत्री के ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट किया था। ट्वीट में बताया गया कि खाली प्लॉट में लोग कूड़े में आग लगा देते हैं। इस संदर्भ में जरूरी दिशानिर्देश दिए जाएं। इस ट्वीट के बाद शनिवार को सीएम कार्यालय से डीसी से फोन पर संपर्क किया गया और पूरा मामला बताया गया।
जांच के लिए ईओ को भेजा
उपायुक्त राजीव रतन ने सूचना मिलते ही इस मामले की जांच के लिए तुरंत ईओ नगर निगम रोहताश बिश्नोई और ईओ हुडा विजय राठी को मौके पर भेजा गया। इस दौरान वहां पर सेक्टरों के अंदर से निजी तौर पर कूड़ा एकत्र करने वाले कुछ लोगों द्वारा कूड़ा जलाए जाने का मामला सामने आया। इस पर सभी को कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यहां कूड़ा न डाला जाए व न ही जलाया जाए।
किया जाएगा चालान और वाहन भी होंगे जब्त
डीसी ने तुरंत ही नगर निगम और हुडा के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यहां से इस समस्या का स्थाई तौर पर समाधान किया जाए ताकि आसपास के लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अगर कोई यहां पर कूड़ा जलाते हुए पाया जाए तो उसका तुरंत चालान किया जाए और वाहन भी जब्त कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि कूड़ा जलाने और डालने के मामले में एनजीटी के आदेशों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।