फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैतृक गांव में भाईचारे का पाठ पढ़ाने में कामयाब रहे सांसद

Sun, 10 Jan 2016 12:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक के प्रयासों के चलते उनके पैतृक गांव समसपुर गामड़ा के ग्रामीणों ने पंचायत चुनावों में भाईचारा बनाते हुए एकता कायम रखने में सफलता हासिल की है। सांसद ग्रामीणों को भाईचारे का पाठ पढ़ाने में कामयाब रहे। जिसके चलते गांव में सरपंच सहित 7 पंचों पर ग्रामीणों ने सहमति जताते हुए नियमानुसार उनका नामांकन दाखिल कराया। सर्वसम्मति से पंचायत बनाने के उद्देश्य से गत शुक्रवार को सांसद के बड़े भाई राजेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में ग्रामीण एकत्र हुए थे, जिसमें मनसा देवी को सरपंच चुनने का फैसला लिया गया। इसके अलावा बैठक में सभी 7 पंचों का भी सर्वसम्मति के लिए चयन कर लिया गया था। शनिवार को राजेंद्र कौशिक की मौजूदगी में सभी ग्रामीणों ने एकत्र होकर सभी चयनित प्रत्याशियों का नामांकन पत्र दाखिल कराया। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस फैसले से काफी खुश हैं। सर्वसम्मति से पंचायत बनने से गांव में भाईचारा कायम रहेगा। इस दौरान ग्रामीणों ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
विज्ञापन


गांव में सर्वसम्मति से पंचायत बनाने की लगी हैट्रिक
समसपुर गामड़ा में सर्वसम्मति से लगातार तीसरी बार पंचायत चुनी गई है। इससे गांव में सर्वसम्मति से पंचायत बनाने की हैट्रिक लग गई है। इसके अलावा पहले भी तीन बार गांव में सर्वसम्मति से पंचायत चुनी जा चुकी है। इस तरह इस बार को मिलाकर समसपुर गांव में 6 बार सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायत ने गांव के विकास में अहम भूमिका निभाई है। राजेंद्र कौशिक ने कहा कि उनके गांव में लोग एक दूसरे से किसी प्रकार का द्वेष नहीं रखते। जिसके चलते सर्वसम्मति से पंचायत का चयन हो जाता है।

यह है नवचयनित ग्राम पंचायत
लगभग 2000 की आबादी वाले समसपुर गामड़ा गांव में मतदाताओं की संख्या करीब 685 है। जिसमें से 370 पुरुष और 315 महिला मतदाता शामिल हैं। पिछली बार यह गांव सामान्य वर्ग के सरपंच के लिए आरक्षित था वहीं इस बार अनुसूचित वर्ग महिला के लिए आरक्षित हुआ था। जिसका ग्रामीणों से स्वागत करते हुए सर्वसम्मति से 12वीं पास मनसा देवी को सरपंच व पंचों में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुए वार्ड-1 से मंजीत, सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड-2 से गुरदीप, सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित वार्ड-3 से पूनम,  सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित वार्ड-4 से सरिता, सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड-5 से आजाद, अनुसूचित वर्ग महिला के लिए आरक्षित वार्ड-6 से राजो और सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड-7 से संजय का चयन किया।
विज्ञापन


5 बारहवीं, एक दसवीं तो एक छठी पास है पंच
सर्वसम्मति से चुने गए सात पंचों में से पांच पंच बारहवीं पास है, जबकि एक दसवीं व एक छठी पास है। वार्ड-2 से गुरदीप, वार्ड-3 से पूनम, वार्ड-4 से सरिता, वार्ड-5 से आजाद और वार्ड-7 से संजय बारहवीं पास हैं। इनके अलावा वार्ड-1 से मंजीत दसवीं व वार्ड-6 से राजो छठी पास हैं।

लड़कियों की शिक्षा पर रहेगा जोर : मनसा देवी
सर्वसम्मति से चुनी गई सरपंच मनसा देवी 12वीं पास हैं। उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले गांव की लड़कियों को शिक्षित करने पर जोर देंगी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। फिर भी अज्ञानता के चलते लोग अपनी लड़कियों को गांव से बाहर शिक्षा ग्रहण करवाने में संकोच करते हैं। जिससे लड़कियों का भविष्य चारदीवारी का ही बनकर रह जाता है। पंचायत कर लोगों से अपनी लड़कियों का उच्च शिक्षा दिलवाने पर जोर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें