सोनीपत। बुलेट बाइक के पटाखे बजाने से रोकने पर शहर की सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में 12वीं कक्षा के छात्र को चाकू मारकर घायल करने के आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी वेस्ट रामनगर निवासी अभिलक्ष्य उर्फ चिन्नू और बैंयापुर निवासी हर्ष है। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक व वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
मामले को लेकर गांव चिटाना के रहने वाले आर्यन (17) ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह हिंदू विद्यापीठ स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। वह शुक्रवार दोपहर बाद परीक्षा देकर बाइक पर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बुलेट सवार दो युवक पटाखे बजाते जा रहे थे। उसके विरोध करने पर उन्होंने उस पर चाकू से वार कर दिए थे। युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को काबू कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।