संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव सफियाबाद स्थित सोलर उपकरण निर्माता सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई है कि कंपनी के नाम पर फर्जी बिल बनाकर नकली इन्वर्टर बाजार में बेचे गए हैं। पुलिस ने कंपनी के दो कर्मचारियों समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि तुषार गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पीपीसी मैनेजर विजय कुमार और एससीएम हेड गगनदीप ने अपने पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने कंपनी के बिलिंग सिस्टम और गोपनीय रिकॉर्ड तक पहुंच का गलत इस्तेमाल किया।
दोनों ने कथित रूप से कंपनी के नाम से फर्जी बिल और इनवॉइस तैयार किए। ये फर्जी दस्तावेज श्री श्याम एंटरप्राइज और उसके संचालक साहिल सिंगला को उपलब्ध कराए गए। इन फर्जी दस्तावेज से कंपनी के ब्रांड नाम और पहचान का दुरुपयोग हुआ। बाजार में नकली इन्वर्टर को असली उत्पाद बताकर बेचा गया।
कंपनी ने आंतरिक जांच में इनवॉइस नंबर और बिक्री रिकॉर्ड का मिलान किया। तब पता चला कि संबंधित बिल किसी वास्तविक लेन-देन से जुड़े नहीं थे। इस कथित फर्जीवाड़े से कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ ब्रांड की प्रतिष्ठा को भी गंभीर क्षति पहुंची है। बिना गुणवत्ता परीक्षण के बेचे गए इन्वर्टर उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
जांच कर अकबरपुर बारोटा पुलिस चौकी ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस बाजार में बेचे गए कथित नकली इन्वर्टरों की बरामदगी का प्रयास कर रही है। कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।