कुंडली। थाना क्षेत्र के गांव में घर के अंदर घुसकर किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म करने व उसके अश्लील फोटो लेने का मामला सामने आया है। किशोरी का आरोप है कि बाद में आरोपी उनके घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में 17 वर्षीय किशोरी ने बताया कि वह 19 अगस्त की रात को अपने घर के अंदर सो रही थी। रात को उनके पड़ोस में रिश्तेदारी में आया फरीदाबाद के गांव का युवक उसके कमरे में घुस गया। आरोपी ने उसके कमरे में आकर कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेसुध कर दिया। उसके बाद उसके साथ आरोपी ने दुष्कर्म कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो खींच ली। बाद में आरोपी उनके घर की अलमारी का ताला तोड़कर अंदर से तीन लाख रुपये, सोने व चांदी के आभूषण भी चोरी कर ले गया। वह इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया था। युवती ने शुरुआत में डर के चलते परिजनों को अवगत नहीं कराया। बाद में अपनी विधवा मां को मामले से अवगत कराया। जिसके बाद कुंडली थाना में शिकायत दी गई। पुलिस ने किशोरी के बयान पर युवक के खिलाफ घरत में घुसकर नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म करने, चोरी व धमकी देने तथा 4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---
किशोरी की तरफ से शिकायत मिली थी। जिस पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
-रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।