सोनीपत। फर्जी कागजात तैयार कर बैंक के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में सेक्टर-27 थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहतक जिले के गांव अटेल निवासी साेनू है। उसे अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।
इंडसइंड बैंक सेक्टर-15 शाखा के सहायक प्रबंधक आशीष ने 20 फरवरी 2023 को शिकायत दी थी कि रोहतक के गांव सोनू, नयाबांस निवासी किरण, निंदाना फिलहाल जींद चौक रोहतक निवासी सूर्या, दिल्ली के नरेला निवासी राकेश ने फर्जी कागजात तैयार करके किसी दूसरे की पहचान लगाकर बैंक से अक्तूबर 2022 में चार कार का ऋण लिया था। इसकी पेमेंट बैंक ने डीलरशिप को कर दी थी। इसके बाद आरोपियों की ओर से दी गई केवाईसी व अन्य कागजात की जांच करने पर पाया था कि आरोपियों ने किसी तीसरे व्यक्ति के फर्जी कागजात तैयार करवाकर ऋण लिया था। ऋण की पहली किस्त नहीं आने पर बैंक कर्मचारी दिए गए पते पर गए तो पाया कि जिस नाम के दस्तावेज देकर बैंक से ऋण लिया था, वह सभी फर्जी है। आरोपियों ने बैंक को फर्जी दस्तावेज देकर 31.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहतक के गांव अटेल निवासी सोनू को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। इससे पहले आरोपी राकेश व सूर्या नेहरा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।