गोहाना। गांव खानपुर कलां निवासी दो चचेरे भाइयों को अमेरिका भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 62 लाख रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरीदाबाद के सेक्टर-21 निवासी अरुण कुमार है। उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उसकी मामले में पूरी संलिप्तता का पता लगाया जाएगा।
खानपुर कलां निवासी सुभाष ने पुलिस आयुक्त को शिकायत दी थी कि उनके व उनके भाई आनंद के बेटों रिंकू व सुमित ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है। वह विदेश में नौकरी करना चाहते थे। इस पर उन्होंने दिल्ली पुलिस में नियुक्त अपने भाई कृष्ण से बातचीत की थी। कृष्ण को दोनों भतीजों को विदेश भिजवाने का कहा था। जिस पर वह कृष्ण के माध्यम से उनके विभाग में कार्यरत पानीपत निवासी मंजीत से मिले थे। मंजीत ने दोनों चचेरे भाई रिंकू व सुमित को अमेरिका भेजने के नाम पर 62 लाख रुपये मांगे थे। पीड़ितों ने तीन एकड़ जमीन बेचकर आरोपी को 62 लाख रुपये दिए थे। आरोपी ने साथियों संग मिलकर उनके बेटे को साढ़े छह माह तक अलग-अलग जगह घुमाया था। बाद में दोनों उज्बेकिस्तान में गैर कानूनी रूप से आने पर पकड़े गए थे। वह मशक्कत से उन्हें लेकर आए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में आरोपी अरुण को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।