फोटो 08: सोनीपत के सेक्टर-14 में विधायक कार्यालय के पास सड़क पर बने गड्ढे में बैठकर विरोध जताते
सोनीपत। शहर की मुख्य सड़कों की बदहाली पर आम आदमी पार्टी के नेता देवेंद्र गौतम ने चिंता जताई है। उन्होंने सेक्टर-14 में विधायक कार्यालय के पास सड़क पर बने गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों के निर्माण पर दो वर्ष पहले करोड़ों रुपये खर्च किए थे। बारिश के दौरान ये सड़कें आज गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। प्रशासन की ओर से सड़कों की मरम्मत तक नहीं कराई गई है।
आप नेता ने दो साल पहले निर्मित सड़कों की खस्ताहाल स्थिति को लेकर सरकार व प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग बारिश और भारी यातायात की आवाजाही के बाद भी कई साल तक टिके रहते हैं तो सोनीपत की मुख्य सड़कें हर मानसून में कैसे उखड़ जाती हैं।
उन्होंने कहा कि जनता को अपने टैक्स के हर पैसे का हिसाब चाहिए। सड़कें केवल फोटो खिंचवाने या शिलान्यास करने के लिए नहीं बल्कि जनता की सुविधा के लिए बननी चाहिए।
उनकी मांग है कि हर ठेकेदार से सड़कों की गारंटी अवधि पूछी जाए। घटिया निर्माण सामग्री लगाने के जिम्मेदारों पर मुकदमे दर्ज किए जाएं। हर वार्ड और मुख्य सड़क की जांच कर भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों और नेताओं के नाम उजागर किए जाएं।