गोहाना। गांव बुटाना निवासी युवक से ठगों ने उनके भाई को कनाडा भेजने के नाम पर 11.57 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। आरोपियों ने जब फर्जी वीजा व टिकट भेजी तो युवक को अपने साथ हुई ठगी का पता लगा। युवक जब रुपये वापस लेने गए तो आरोपी ने झूठे केस में फंसवाने की धमकी की। युवक ने मामले की शिकायत बरोदा थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
गांव बुटाना निवासी सचिन ने बताया कि वह अपने भाई रोहित को कनाडा भेजना चाहते थे। भाई को विदेश भेजने के लिए अपने मामा गांव पुरखास निवासी दयानंद से बात की थी। मामा ने अपने गांव के राजेश से जान पहचान कराई। इसके बाद राजेश उन्हें पानीपत की मुखीजा काॅलोनी में रहने वाले मनोज के पास उनके घर लेकर गए। मनोज ने कई युवकों को कनाडा भेजने का दावा कर पीड़ित को झांसे में ले लिया। पीड़ित के भाई को कनाडा भेजने के लिए 17 लाख रुपये में सौदा हो गया और तीन माह में औपचारिकता पूरी करने पर बात कही। मौके पर ही पीड़ित के भाई रोहित का पासपोर्ट और एक लाख रुपये दे दिए।
कुछ दिन बाद मनोज पानीपत के समालखा निवासी प्रदीप को उनके पास लेकर आया और प्रदीप को अपना साथी बताया। 23 अगस्त को उन्होंने यूपीआई से 4.57 लाख रुपये जमा करवाए। कई दिन बाद मनोज व प्रदीप पीड़ित के घर आए और रोहित का कनाडा के लिए वीजा और टिकट तैयार होने की बात कही। साथ ही पांच लाख रुपये नकद ले लिए गए। उसके बाद एक लाख रुपये मांगे और व्हाट्सएप पर वीजा व टिकट के फोटो भेज दिए। पीड़ित ने वीजा व टिकट की जांच कराई तो वह फर्जी मिले। इसके बाद आरोपियों ने फोन उठाने बंद कर दिए। वह आरोपियों के पास पानीपत में मनोज के घर गए तो उनकी पत्नी रानी मिली। रानी ने झूठे केस में फंसवाने और जान से मरवाने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।