संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर (सोनीपत)। खेत में लगे ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ते समय करंट लगने से युवक झुलस गया। उसे पहले गन्नौर के उपमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झुलसे युवक ने काम करवा रहे व्यक्ति और उसके साथी पर जबरदस्ती ट्रांसफार्मर पर चढ़ाने का आरोप लगाया है।
थाना गन्नौर पुलिस को दी शिकायत में गन्नौर के प्रधानावास मोहल्ला निवासी विनोद ने बताया कि वह बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित प्लॉट नंबर-16 में सफाई का काम करते हैं। 17 मई को उनके पास गांव गुमड़ निवासी पालेराम का फोन आया। उसने उन्हें खेत में काम के लिए बुलाया।
विनोद के अनुसार खेत में पहुंचने पर पालेराम और बलवान सैनी ने उन्हें ट्यूबवेल का तार ट्रांसफार्मर में जोड़ने के लिए कहा। मना करने पर दोनों ने उसे जबरदस्ती ट्रांसफार्मर पर चढ़ा दिया। आरोप है कि जब वह तार जोड़कर नीचे उतर रहा था तो अचानक बिजली चालू हो गई। इससे उन्हें करंट लग गया।
करंट लगने से उनके हाथ झुलस गए। ट्रांसफार्मर से नीचे गिरने के कारण सिर में चोट आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पालेराम व बलवान सैनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।