संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। बीड़ी देने से मना करने पर गांव आहुलाना में युवक कुलदीप पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कुलदीप को उपचार के लिए खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कुलदीप ने बताया कि वह शनिवार शाम करीब छह बजे अपने चाचा संजय उर्फ काला के साथ सत्तु माता मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर बैठकर बात कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही सुभाष वहां आया और उनसे बीड़ी मांगने लगा। बीड़ी खत्म होने की बात कहने पर वह वहां से चला गया।
आरोप है कि 20 मिनट बाद सुभाष हाथ में तेजधार हथियार लेकर आया और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सिर पर कई वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गन्नौर थाना पुलिस ने आरोपी सुभाष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।