गोहाना। जींद-गोहाना रोड स्थित गांव बुटाना में कीर्तन में आए एक ग्रामीण को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। बरोदा थाना पुलिस ने मृतक युवक के भाई की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
जींद में गांव बुटानी के बाबूलाल ने बताया कि उनका भाई नरेश शुक्रवार रात को गांव बुटाना में काली माता के मंदिर में कीर्तन में आया था। उनका भाई भजन सुनकर लघुशंका से निवृत्त होने के लिए कीर्तन से बाहर आया। जैसे ही वह सड़क पर पहुंचा तो गोहाना की तरफ से तेज रफ्तार में बाइक आई और उनके भाई को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल गोहाना ले जाया गया, जहां से उसको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान उनके भाई की मौत हो गई।