सोनीपत के मुरथल स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र। संवाद
सोनीपत। रोडवेज डिपो में शामिल होने वाली इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग प्वाइंट के लिए रोडवेज अधिकारियों ने प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने बिजली निगम के अधिकारियों के साथ मंथन के बाद 11 केवी क्षमता का बिजली कनेक्शन लेने का निर्णय लिया है। इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मंजूरी मिलते ही कनेक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो जून के अंत तक इलेक्ट्रिक बसों के डिपो में पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए मुरथल स्थित रोडवेज चालक प्रशिक्षण संस्थान में 10 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने हैं। इसके लिए बिजली की आवश्यकता जानने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर व मौका का मुआयना करवाया गया है। इसके बाद 11 केवी क्षमता का बिजली कनेक्शन लेने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही चार्जिंग प्वाइंट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
एक बार चार्ज होने पर 200 किमी का सफर तय करेंगी बसें
प्रदेश सरकार ने पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की योजना तैयार की है। इसके तहत जून के अंत तक सोनीपत में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू की योजना है। इसके अंतर्गत जिले को करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने के बाद करीब 200 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेंगी। इन बसों का परिचालन शहर के अंदर सिटी बस सेवा के रूप में और एक से दूसरे जिले तक किया जाएगा।
वर्जन
जिले में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने के लिए मुरथल स्थित रोडवेज चालक प्रशिक्षण संस्थान में चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने हैं। इसके लिए 11केवी कनेक्शन की आवश्यकता है। इस बारे में एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही कनेक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत