फोटो :22: सोनीपत में रक्तदान शिविर के रक्तदाताओं को प्रशस्ती पत्र देते मेयर राजीव जैन, साथ में
सोनीपत। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुनीता ने अपनी शादी की 28वीं सालगिरह को समाज सेवा के नाम समर्पित कर प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें 51 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवन बचाने का संकल्प लिया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय योगदान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।
शिक्षिका सुनीता ने कहा कि जीवन की खुशियों को समाज के साथ साझा करने का सबसे बेहतर तरीका सेवा कार्य हैं। वह अब तक आठ शिविर लगा चुकी हैं।
राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले मेयर
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मेयर राजीव जैन ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी प्रतिक्रिया दी। नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सरकार की तरफ से सख्त कार्रवाई की गई है और परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को आलोचना करने से पहले अपने शासनकाल की व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन करना चाहिए। वहीं एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।