सोनीपत। जिले के लिए विकास की दिशा में ऐतिहासिक घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि खरखौदा क्षेत्र में करीब 10 हजार एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक सैटेलाइट शहर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही आईएमटी खरखौदा का व्यापक विस्तार, राई में होलसेल मार्केट, आरआरटीएस कनेक्टिविटी और ईवी पार्क जैसी योजनाएं जिले के आर्थिक और औद्योगिक नक्शे को पूरी तरह बदल देंगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा गुरुग्राम में आयोजित बजट पूर्व परामर्श संवाद के दौरान उद्योगपतियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक में की। इसे सोनीपत जिले के लिए आने वाले वर्षों की सबसे बड़ी विकासात्मक पहल में से एक माना जा रहा है।
प्रस्तावित सैटेलाइट शहर को केवल आवासीय परियोजना के रूप में नहीं बल्कि औद्योगिक, वाणिज्यिक और आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाएगा।
आईएमटी खरखौदा का होगा विस्तार
आईएमटी खरखौदा के विस्तार के लिए करीब 5,800 एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गई है। इसकी दर लगभग तीन करोड़ रुपये प्रति एकड़ तय की गई है। भूमि औद्योगिक नीति-2022 के तहत अधिग्रहित कर अधिकृत की जाएगी।
राई में बनेगी आधुनिक होलसेल मार्केट
राई क्षेत्र में एक संगठित होलसेल मार्केट विकसित करने की योजना है।
-आरआरटीएस से बदलेगा आवागमन का स्वरूप।
करीब 70 हजार करोड़ रुपये की लागत से रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) की डीपीआर तैयार हो चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ईवी पार्क से हरित औद्योगिक विकास
संकल्प पत्र में ईवी पार्क की स्थापना का भी लक्ष्य रखा है। इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में निवेश बढ़ने से कुंडली-राई-खरखौदा बेल्ट हरित और टिकाऊ औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन सकता है।