सोनीपत। संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की संयुक्त बैठक रविवार को गोहाना रोड स्थित छोटूराम धर्मशाला में हुई।
संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्य ईश्वर सिंह राठी ने बताया कि 26 नवंबर को देशभर में सरकार की किसान व मजदूर, कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन व धरने दिए जाएंगे। सोनीपत शहर में पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह 11 बजे पंचायत भवन में इकट्ठा होकर और शहर में जुलूस निकालते हुए अपनी मांग उठाई जाएगी।
संगठन सदस्य आनंद शर्मा ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के साथ किसान आंदोलन के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार उससे मुकर चुकी है। डीएपी खाद की मारामारी बढ़ी हुई है। सरकार आए दिन जनता को गुमराह करते हुए कह रही है कि खाद की कोई कमी नहीं है जबकि खाद ब्लैक में बेचा जा रहा है। वरिष्ठ सदस्य श्रद्धानंद सोलंकी ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन ही विकल्प है। सरकार चार लेबर कोड लाकर मजदूरों के अधिकारों को भी समाप्त कर रही है। सरकारी महकमों को पूंजी पतियों के हवाले कौड़ियों के भाव किया जा रहा है। पेंशन के लिए कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन एनपीएस की जगह यूपीएस लाकर सरकार ने एक नई चाल चली है। हाईटेंशन लाइन और तेल रिफाइनरी की लाइन बिछाने के लिए किसानों की जमीनें छीनी जा रही है।
इस दौरान हंसराज राणा, शीलक राम मलिक, कपिल देव, जयकर्ण दहिया, सुरेश राणा, मास्टर नफे सिंह मलिक, रूपचंद, प्रताप सिंह, रणबीर मलिक, राजबीर मलिक, भगत सिंह भी मौजूद रहे।