संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। जीटी रोड स्थित लंबे समय से बस अड्डे की जमीन अब लोगों की सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन रही है। बस अड्डे का खाली पड़ा परिसर धीरे-धीरे नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। परिसर में खुलेआम कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि दिनभर परिसर में कूड़ा बिखरा रहता है और शाम होते ही यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। बस अड्डे की इस बदहाल स्थिति से आसपास रहने वाले लोगों में रोष है।
स्थानीय निवासी प्रदीप, पवन, विकास, सर्वेश व शौकीन का कहना है कि बस अड्डा लंबे समय से बंद है। इसका फायदा उठाकर कुछ लोगों ने परिसर को कूड़ा डालने की जगह बना लिया है। वहीं, शाम ढलते ही खाली परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। नशेड़ियों के जमावड़े के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। विशेषकर शाम के समय यहां से निकलने में लोगों को असहज महसूस होता है। लोगों का कहना है कि जिस परिसर का इस्तेमाल यात्रियों की सुविधा के लिए होना चाहिए था, वह आज बदहाली और अव्यवस्था का शिकार है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से बस अड्डा बंद होने के बावजूद इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। न तो परिसर की नियमित सफाई करवाई जा रही है और न ही यहां होने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस अड्डे का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाए, परिसर में जमा कूड़े को उठवाकर नियमित सफाई करवाई जाए और शाम के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए।ध्यान नहीं दिया गया तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है।