संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और सीटू के आह्वान पर गांव हलालपुर में महिलाओं ने बैठक कर आजादी, समानता, गांव में बढ़ते नशे, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की प्रधान सुदेश ने की जबकि संचालन गीता दहिया ने किया।
महिलाओं ने कहा कि गांवों में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है। कई युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा महंगाई और बेरोजगारी के कारण परिवारों को काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं ने फैमिली आईडी में आय बढ़ाकर बुजुर्गों की पेंशन काटे जाने और बीपीएल परिवारों के राशन बंद होने का भी मुद्दा उठाया।
बैठक में परिवारों के भीतर लड़का-लड़की के बीच होने वाले भेदभाव पर भी चर्चा की गई। महिलाओं ने बेटा-बेटी को समान मानने और उनके साथ बराबरी का व्यवहार करने की शपथ ली। सीटू की जिला सचिव सुनीता ने सरकार से मांग की कि बुजुर्गों की पेंशन बिना शर्त बहाल की जाए, महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण किया जाए।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। साथ ही कार्य स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सरकारी अस्पतालों में डाॅक्टर व दवाइयों की व्यवस्था करने और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की भी मांग उठाई गई।