गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में सो रहे श्रमिक पर चालक ने गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। श्रमिक के भाई ने बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राजस्थान के दौसा जिले के गांव नांगल मेव निवासी नजमुद्दीन ने बताया कि मंगलवार को ठेकेदार थाना सिंह ने उन्हें कॉल कर बताया कि उनके भाई जोमदीन खान की दुर्घटना में मौत हो गई है। सूचना के बाद वह परिजनों के साथ जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचा तो पता लगा कि उनका भाई जोमदीन खान प्लाट नंबर 210 बड़ी में काम करता था। सोमवार रात काम निपटाकर वह फैक्टरी में जमीन पर ही सो गया था। इस दौरान चालक पानीपत जिले के गांव भोड़वाल माजरी निवासी सतीश ने अपनी गाड़ी उनके भाई के ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।