विदेशी दल ने डीबीटी योजना के तहत खाद व राशन देने का प्रशिक्षण लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर/राई। देश में डीबीटी योजना के तहत किसानों को खाद पर दी जा रही सब्सिडी व पीओएस मशीन के माध्यम से दिए जा रहे राशन को लेकर 20 सदस्यीय विदेशी दल पहुंचा। गन्नौर अनाज मंडी में पहुंचने पर अधिकारियों व किसानों ने विदेशी दल का स्वागत किया। इस दौरान दल ने उर्वरकों पर सरकार की ओर से लोगों को दी जाने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान दल में युगांडा, लेटिन अमेरिका, रवांडा, अफगानिस्तान, पेरू, कोलंबिया, फीजी, बंग्लादेश के लगभग 20 सदस्य शामिल रहे। विदेशी दल के सदस्यों ने किसानों से सवाल जवाब किए। इस दौरान उन्होंने किसानों से इस बारे में जानना चाहा तो किसान अनभिज्ञ नजर आए। इस पर अधिकारियों ने विदेशी दल के सदस्यों को सब्सिडी के बारे में जानकारी दी। किसानों ने डीबीटी योजना को जटिल बताया और कहा कि पहले उन्हें उर्वरक सीधे मिल जाते थे, लेकिन अब थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार पीओएस मशीन में तकनीकी खराबियों के चलते उर्वरक नहीं मिल पाती। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं। इस दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डा. सुरेश गहलावत, उप निदेशक डा. अनिल सहरावत, बीएओ सूरजभान, एनएफएल से डा. धीरसिंह, नीरज त्रिवेदी, पूनम, डीके सिंह, पीएस परमान मौजूद रहे।
इसके बाद जाखौली में पहुंचे दल के सदस्यों ने राशन वितरण की जानकारी हासिल की। इससे पहले खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों समेेत सरपंच गौरव चौहान ने स्वागत किया। नरेंद्र नैन व अजय मलिक ने कैशलेस प्रणाली, अंगूठा प्रणाली के बारे में सभी सदस्यों को अवगत करवाया। इस दौरान नंद किशोर वर्मा, सुमित वर्मा, महेंद्र चौहान आदि उपस्थित रहे।